शीत ऋतु, कुहरे, जाड़े का
सन्नाटे का हुआ अंत ।
प्रकृति करती श्रृंगार अरे !
देखो आया प्यारा वसंत ।।
देखा प्रकृति को आज सुबह,
चल रही पवन थी मंद-मंद ।
सरसों के खेतों से उठकर ,
चहुँ ओर उड़ रही थी सुगंध ।।
खिले हुए थे पुष्प और –
मनभावन-सा वो कुंजन था ।
जो छूता था हृदय पट को,
तितली, भौरों का गुंजन था ।।
ऐसा लगता, मानो प्रकृति,
श्रृंगार कर रही थी अपना ।
'बस आने वाले हैं प्रियतम',
आया हो भोर उसे सपना ।।
उस समय स्मरण हो आया –
'कुछ दिनों पूर्व सन्नाटा था'।
लगता जाड़ों में विरह पूर्ण –
हो प्रकृति ने पल-पल काटा था।।
वो मुरझाए से हुए पात ,
डाली पुष्पों से खाली थी ।
थे धूम्र, कुहासा,नीरसता ,
वो रात विरहिणी वाली थी ।।
लेकिन शायद जब भोर हुई,
तब देखा प्रियतम का सपना ।
तब विरहाग्नि से निकल, प्रकृति –
श्रृंगार लगी करने अपना ।।
वर्षण से उसने स्नान किया ,
फ़िर तभी ओढ़ ली हरियाली ।
अपने केशों में पुष्प लगा ,
अति सुन्दर बनकर मतवाली ।।
जब उड़ी सुगंधि प्रकृति की ,
उड़ पहुँची, बैठा जिधर कंत ।
अब उसके भी अंतर्मन में ,
विरहाग्नि उत्तेजित, ज्वलन्त ।।
जब पहुँचा वो उससे मिलने ,
सब दुःखद दिनों का हुआ अंत ।
प्रेयसी प्रकृति से मिलने को –
आ पहुँचा है प्रेमी वसंत ।।
— सूर्या
वसंत आगमन
Surya Prakash Sharma
(C) All Rights Reserved. Poem Submitted on 02/11/2024
(1)
Poem topics: , Print This Poem , Rhyme Scheme
About वसंत आगमन
वसंत आगमन is a poem by Surya Prakash Sharma. This page includes the poem text, poet information, related topics, comments, and similar poems.
Write your comment about वसंत आगमन poem by Surya Prakash Sharma
Best Poems of Surya Prakash Sharma